Top Newsकोरियाराजनीति

कोरिया में नगरीय निकाय के बाद पंचायती चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराया… भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी का कुशल नेतृत्व और विधायक भैयालाल राजवाड़े का अनुभव रंग लाया…

कोरिया में नगरीय निकाय के बाद पंचायती चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराया…

भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी का कुशल नेतृत्व और विधायक भैयालाल राजवाड़े का अनुभव रंग लाया…

कमलेश शर्मा, संपादक

बैकुंठपुर/ कोरिया जिले में नगरीय निकाय चुनाव के बाद त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने बंपर जीत हासिल कर पार्टी का परचम लहराया। इस चुनाव में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के करिश्माई नेतृत्व और विधायक भैयालाल राजवाड़े के अनुभव का लाभ भाजपा को मिला। कोरिया के जिला पंचायत क्षेत्रों में मतगणना के बाद दस सीटों के अंतिम नतीजों में भाजपा समर्थित 05 जिला पंचायत सदस्य, कांग्रेस समर्थित सदस्य 01, गोंगपा समर्थित सदस्य 02 एवं निर्दलीय सदस्य के रूप 02 लोगों ने जीत हासिल की। जिसमें एक भाजपा और एक कांग्रेस के बागी प्रत्याशी है। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। उल्लेखनीय है कि इस चुनाव में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े की पुत्रवधु वंदना राजवाड़े और बेटी गीता राजवाड़े ने जीत हासिल की। जिससे साफ हो जाता है कि क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े की पकड़ अभी भी क्षेत्र में बरकरार है। पूरे चुनाव के दौरान भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जिताने में अपनी पूरी टीम के साथ मुस्तैदी से डटे रहे। जिसका सुखद परिणाम देखने को भी मिला। देवेंद्र तिवारी के भाजपा जिलाध्यक्ष की कमान संभालते ही मृतप्राय भाजपा संगठन में एक नई जान आ गई है। विधायक प्रतिनिधि रेवा यादव, अंचल राजवाड़े भी चुनाव के दौरान सक्रिय रहे। वहीं कांग्रेस बिखरी हुई नजर आयी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ नेता चुनावी मैदान से नदारद रहे। अपने चुनाव में सक्रिय रहने वाले प्रवासी नेता महंत दंपत्ति एवं पूर्व विधायक श्रीमती अंबिका सिंहदेव का रवैया भी इन चुनावों को लेकर उदासीन रहा। जिसकी वजह से नगरीय निकाय के बाद पंचायती चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। बगावत और भितरघात के डर से कई जनपद सदस्य प्रत्याशियों की सूची भी कांग्रेस ने जारी नहीं की। ज़िला पंचायत में केवल एक सीट पर ही कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीतने में सफल रहा। सबसे बड़े उलटफेर के रूप में कांग्रेस के दिग्गज नेता वेदांती तिवारी और बिहारी लाल राजवाड़े की हार रही। जिन्हें जनचर्चा के अनुसार भितरघात का भी सामना करना पड़ा। इस चुनाव में क्षेत्र क्रमांक 04 से भाजपा के जिला महामंत्री विनोद साहू भी ढेर रहे, जो कि तीसरे स्थान पर रहे। यहां से भाजपा के बागी राजेश साहू ने कांग्रेस समर्थित बिहारी लाल राजवाड़े को हराया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई और पुत्र भी जनपद पंचायतों के चुनावी मैदान में खेत रहे। पंचायती चुनाव के नतीजों की आधिकारिक घोषणा के बाद जिला एवं जनपद पंचायतों में अध्यक्ष/उपाध्यक्ष बनाने की रणनीति प्रारंभ हो जाएगी। जिला पंचायत के नतीजों से स्पष्ट है कि भाजपा अध्यक्ष/ उपाध्यक्ष के पद पर अपना कब्जा बरकरार रख पाने में सफल रहेगी। हालांकि पूर्व में जिला एवं जनपद पंचायत में अध्यक्ष भाजपा के और उपाध्यक्ष कांग्रेस के रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button