“खाट पर बीमार महिला” की खबर के बाद एमसीबी कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा पहुंचे महिला के घर… सड़क निर्माण के साथ हर संभव मदद का दिया आश्वासन, एंबुलेंस सर्विस को जारी होगा नोटिस… महिला के परिजन ने इलाज के लिए जमीन गिरवी रख 20 हजार रूपए लिए उधार… कांग्रेसी सोसल मीडिया में गिनते रहे उपलब्धियां, पत्रकारों को बांटा सार्टिफिकेट…
“खाट पर बीमार महिला” की खबर के बाद एमसीबी कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा पहुंचे महिला के घर…
सड़क निर्माण के साथ हर संभव मदद का दिया आश्वासन, एंबुलेंस सर्विस को जारी होगा नोटिस…
महिला के परिजन ने इलाज के लिए जमीन गिरवी रख 20 हजार रूपए लिए उधार…
कांग्रेसी सोसल मीडिया में गिनते रहे उपलब्धियां, पत्रकारों को बांटा सार्टिफिकेट…
कमलेश शर्मा, संपादक
बैकुंठपुर–खड़गवां/ मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के आदर्श ग्राम कटकोना में बीमार महिला को खाट पर ले जाने की खबर मीडिया में आने के बाद एमसीबी जिले के संवेदनशील कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा मंगलवार की शाम काटकोना के आश्रित ग्राम नेवारी बहरा पहुंचे। जहां उन्होंने महिला और उसके परिजन से मुलाकात की तथा समुचित इलाज का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने एंबुलेंस सर्विस के प्रबंधक को नोटिस जारी करने की भी बात कही।
इस घटना के सामने आने के बाद जहां एमसीबी कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा ने संवेदनशीलता दिखाई। वहीं विधायक समर्थक व कांग्रेसी नेता सोशल मीडिया में अपनी उपलब्धियों का गुणगान करते रहे। यही नही विकास के दावों के बीच पोल खोलती इस खबर से तिलमिलाए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खड़गवां ने खबर लिखने वाले पत्रकारों को सर्टिफिकेट भी बांट दिया। एक ने तो खबर में पत्रकारों द्वारा आदर्श ग्राम लिखने पर ही सवाल उठाते हुए कहा कि ये आदर्श ग्राम नही है। जबकि बकायदा आदर्श ग्राम का बोर्ड लगा हुआ हैं। इसके विपरीत भाजपा नेता और पूर्व विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष राम सिंह व अन्य लोगों ने इलाज हेतु महिला के परिजन की आर्थिक मदद की बात भी सामने आई थी। लेकिन महिला के परिजन ने इलाज के लिए जमीन गिरवी रख 20 हजार रूपए उधार लेने की बात कही है।
विदित हो कि रविवार को एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत आने वाले आदर्श ग्राम कटकोना के आश्रित बस्ती नेवारी बहरा में जहरीले जंतु के काटने का एक महिला की हालत गंभीर हो गई थी गांव में पक्की सड़क ना होने के कारण महिला के घर तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी और परिजन उसे खाट पर लिटा कर कंधे में ढोते हुए लगभग दो-तीन किलोमीटर कीचड़युक्त कच्ची सड़क पर पैदल चलने के लिए मजबूर हुए। इस घटना का वीडियो सोसल मीडिया में वायरल हो गया था। जिसके बाद तमाम अखबारों, न्यूज पोर्टल एवं न्यूज चैनल्स में खबरें आनी शुरू हो गई थीं। जानकारी के अनुसार एमसीबी जिले के खड़गवां ब्लॉक अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत कटकोना के आश्रित ग्राम नेवारीबहरा पंडोपारा में विषैले जंतु के काटने से एक गर्भवती महिला की हालत गंभीर हो गई थी। जिसको परिजन के द्वारा खाट में लिटाकर लगभग दो से तीन किलोमीटर पैदल ढोकर मुख्यमार्ग तक पहुंचाया गया। इसके बाद महिला को वाहन की सुविधा मिल सकी। ज्ञात हो कि पण्डो बस्ती तक आने जाने के लिए पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। ऐसे में महिला को अस्पताल तक ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था कर पाना मुमकिन नहीं था। जिसके बाद महिला के परिजन ने गंभीर हालत में महिला को खाट पर लिटाया। चार व्यक्तियों ने उसे कंधे में ढोकर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। लगभग दो से तीन किलोमीटर तक महिला को ले जाने के बाद वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। उल्लेखनीय है कि एमसीबी जिला सरगुजा संभाग के अंतर्गत आता है जो कि सूबे के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का गृह क्षेत्र है। साथ ही क्षेत्रीय विधायक डा. विनय जायसवाल छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कारपोरेशन के संचालक भी हैं। बावजूद इसके उनके क्षेत्र में इस तरह की अप्रिय स्थिति विकास के दावों की पोल खोलती नजर आती है। क्योंकि आदर्श ग्राम पंचायत कटकोना के पण्डो बस्ती तक जाने के लिए पक्की सड़क नही बन सकी है। जिसकी वजह से यहां तक एंबुलेंस या अन्य चार पहिया वाहन नही पहुंच पाते हैं।
गत वर्ष जून माह में भी ऐसी ही घटना आई थी सामने…
गत वर्ष जून 2022 में भी एक ऐसा ही मामला ग्राम पंचायत पाराडोल में सामने आया था। ग्राम ढोढ़ेबहरा में सड़क ना होने के कारण एक बीमार ग्रामीण विजय बड़ा पिता साधु बड़ा उम्र 55 वर्ष को परिजन खाट पर लाद कर लगभग दो किलोमीटर ले गए थे। बाद में एंबुलेंस तक पहुंचने के पहले ग्रामीण की मौत भी हो गई थी।
Kamlesh Sharma is a well-known Journalist, Editor @http://thedonnews.com/ Cont.No.- 8871123800, Email – Ks68709@gmail.com