HealthTop Newsछत्तीसगढ़हमर जिला

विकास की गंगा ऐसी बही कि कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील, बीमार महिला को दो किमी ढोना पड़ा खाट पर… मामला एमसीबी जिले के आदर्श ग्राम पंचायत कटकोना के पण्डो बस्ती का…

विकास की गंगा ऐसी बही कि कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील, बीमार महिला को दो किमी ढोना पड़ा खाट पर…

मामला एमसीबी जिले के आदर्श ग्राम पंचायत कटकोना के पण्डो बस्ती का…

कमलेश शर्मा, संपादक

बैकुंठपुर–खड़गवां/ प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक दलों के क्षेत्रीय क्षत्रपों में जुबानी जंग जारी है। एक ओर कांग्रेसी जहां क्षेत्र के विकास के कसीदे गढ़ रहे हैं वहीं भाजपाई भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। इन सबके बीच विकास के दावों की पोल खोलता एक वाकया एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड का सामने आया है। मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंर्तगत आने वाले आदर्श ग्राम पंचायत कटकोना में सड़क एवं एंबुलेंस के अभाव में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले आदिवासी पंडो परिवार की गर्भवती महिला को खाट पर लेकर परिजन को आना पड़ा। महिला को किसी विषैले जंतु ने काट लिया था, जिससे महिला की हालत गंभीर हो चली थी। इस घटना का वीडियो सोसल मीडिया में वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार एमसीबी जिले के खड़गवां ब्लॉक अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत कटकोना के आश्रित ग्राम नेवारीबहरा पंडोपारा में विषैले जंतु के काटने से एक गर्भवती महिला की हालत गंभीर हो गई थी। जिसको परिजन के द्वारा खाट में लिटाकर लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल ढोकर मुख्यमार्ग तक पहुंचाया गया। इसके बाद महिला को वाहन की सुविधा मिल सकी।

विदित हो कि पण्डो बस्ती तक आने जाने के लिए पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। ऐसे में महिला को अस्पताल तक ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था कर पाना मुमकिन नहीं था। जिसके बाद महिला के परिजन ने गंभीर हालत में महिला को खाट पर लिटाया। चार व्यक्तियों ने उसे कंधे में ढोकर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर तक महिला को ले जाने के बाद वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था।

उल्लेखनीय है कि एमसीबी जिला सरगुजा संभाग के अंतर्गत आता है जो कि सूबे के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का गृह क्षेत्र है। साथ ही क्षेत्रीय विधायक डा. विनय जायसवाल छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कारपोरेशन के संचालक भी हैं। बावजूद इसके उनके क्षेत्र में इस तरह की अप्रिय स्थिति विकास के दावों की पोल खोलती नजर आती है। क्योंकि आदर्श ग्राम पंचायत कटकोना के पण्डो बस्ती तक जाने के लिए पक्की सड़क नही बन सकी है। जिसकी वजह से यहां तक एंबुलेंस या अन्य चार पहिया वाहन नही पहुंच पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button