Uncategorized

कोरिया कुमार के सपने को तोड़ने वाले क्या उन्हें दे पाएंगे सच्ची पुष्पांजलि..?? कोरिया की विरासत व धरोहर को सहेजने मुख्यमंत्री करें कोरिया को सम्भाग बनाने की घोषणा… कोरिया कुमार की जयंती पर मुख्यमंत्री भूपेश कोरिया प्रवास पर, भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद करेंगे प्रतिमा का अनावरण…

कोरिया कुमार के सपने को तोड़ने वाले क्या उन्हें दे पाएंगे सच्ची पुष्पांजलि…??

कोरिया की विरासत व धरोहर को सहेजने मुख्यमंत्री करें कोरिया को सम्भाग बनाने की घोषणा…!!

कोरिया कुमार की जयंती पर मुख्यमंत्री भूपेश कोरिया प्रवास पर, भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद करेंगे प्रतिमा का अनावरण…

कमलेश शर्मा-संपादक

बैकुंठपुर। अपने जीवन काल में सादगी, नैतिकता व ईमानदारी के लिए विख्यात बैकुंठपुर की आन-बान व शान कोरिया कुमार व देश प्रदेश के स्व. डॉ रामचंद्र सिंहदेव की जयंती 13 फरवरी को मनाई जाएगी। इस दौरान घड़ी चौक में उनकी प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष सहित कई मंत्रियो का जमावड़ा रहेगा। निजी कार्यक्रम को शासकीय रूप देने के लिए कुछ निर्माण व विकास कार्यों का भूमिपूजन भी सुनिश्चित किया गया है। लेकिन आमजन मानस में एक  सवाल कौंध रहा है कि कोरिया ज़िले के शिल्पी कोरिया कुमार के सपने को तोड़ने वाले उन्हें क्या दे पाएंगे सच्ची पुष्पांजलि..?? लोगों की मंशा है कि कोरिया की विरासत व धरोहर को सहेजने मुख्यमंत्री को कोरिया को सम्भाग बनाने की घोषणा करनी चाहिए।

कोरिया कुमार की जयंती नुमाईश में तब्दील…

अपनी सादगी के लिए विख्यात कोरिया कुमार की जयंती पर शासन प्रशासन द्वारा भव्यता के नाम पर नुमाईश का रूप दिया जा रहा है। सरकारी मशीनरी के सहारे पूरे शहर को मुख्यमंत्री के स्वागत में पोस्टर बैनर से पाट दिया गया है। जगह जगह तोरण द्वार बनाए गये हैं। नगरपालिका का स्टाफ व वाहन इस काम मे तेजी से जुटा हुआ है। कोरिया पैलेस के समीप आयोजित कार्यक्रम स्थल को भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है। यहां हजारों लोगों के भोजन की व्यवस्था भी की गई है। उम्मीद है कि कुमार साहब के नाम पर व मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए अच्छी खासी भीड़ जुट सकती है।

भीड़ जुटाने का जिम्मा मिला पंचायत सचिवों को…

मुख्यमंत्री के कोरिया आगमन को देखते हुए  जिला से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक भीड़ लाने के लिए कवायद की जा रही है। अधिकारियों के द्वारा बकायदा बैठक लेकर मौखिक आदेश जारी किए जा रहे हैं। भीड़ जुटाने का जिम्मा पंचायत के सचिवों को दिया गया है। इसके लिए बाकायदा फार्मेट जारी कर वाहन व  लोगों को लाने  जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। चार पहिया वाहन पर्याप्त संख्या में नही मिलने पर ट्रैक्टर ट्रॉली में लोगों को लाने कहा गया है।

विधायक व कांग्रेस संगठन का शक्ति प्रदर्शन…

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस कार्यक्रम को कांग्रेसी विधायक व संगठन का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। आमजनता की चार साल की नाराज़गी को कोरिया कुमार की जयंती के नाम साधने की कोशिश भी कहा जा सकता है। गत दिनों हुए जिला पंचायत सदस्य के उपचुनाव में 12 हजार मतों से मिली करारी हार को कांग्रेसी अभी तक भूल नही पाये हैं। सत्ता व संगठन में कोई तालमेल नही रह गया है। इसलिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। ऐसे में यह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम कर सकता है।

ज़िले के शिल्पी कोरिया कुमार का सपना कांग्रेस ने तोड़ा…

कोरिया ज़िले के शिल्पी व व आमजन के मसीहा कोरिया कुमार का सपना था कि आने वाले समय मे यह जिला निरंतर प्रगति करे व यहां के लोग आगे बढ़े। किंतु प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जिले का विखंडन कर उनके सपने व कोरिया की धरोहर को नेस्तनाबूद कर दिया। अब चुनाव को देखते हुये नई क़वायद की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पूछ परख भी बढ़ गयी है। चुनाव के मद्देनजर हो सकता है कि मुख्यमंत्री द्वारा कोरिया को सम्भाग बनाने की घोषणा कर दी जाये?? भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत पिछले कोरिया प्रवास पर भी यह मांग उठी थी। जिस पर मुख्यमंत्री का रुख सकारात्मक भी रहा।

जयंती पर कोरिया कुमार की प्रतिमा का होगा अनावरण….

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 13 फरवरी को कोरिया जिला प्रवास पर रहेंगे। कोरिया कुमार के नाम से विख्यात प्रदेश के प्रथम वित्तमंत्री स्व. डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की जयंती के अवसर पर 13 फरवरी को मुख्यमंत्री श्री बघेल जिला मुख्यालय बैकुंठपुर पहुंचेंगे।कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री श्री बघेल का रामानुज हायर सेकंडरी स्कूल स्थित मिनी स्टेडियम के हेलीपैड पर आगमन होगा। यहां से मुख्यमंत्री घड़ी चौक पहुंचकर चौक में स्थापित की गई डॉ सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही नगरपालिका परिषद बैकुंठपुर हेतु 7.63 करोड़, नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा हेतु 2.86 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों सहित 50 लाख की लागत के बैकुंठपुर सर्व आदिवासी समाज सामुदायिक भवन का भूमिपूजन भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री स्व. डॉ. सिंहदेव के समाधि स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, गृह, लोक निर्माण एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्री टी एस सिंहदेव, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, जल संसाधन मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, संसदीय सचिव एवं बैकुंठपुर विधायक श्रीमती अंबिका सिंहदेव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

आईजी, कलेक्टर व एसपी ने लिया जायज़ा…

कोरिया  पैलेस के सामने मौहरी मैदान में कोरिया कुमार की समाधि स्थल पर  श्रृद्धांजलि  कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। रामानुज हाईस्कूल मैदान में हैलीपैड तैयार हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए आईजी सरगुजा, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर के कलेक्टर , एसपी के अलावा कई प्रशासनिक अधिकारी भी बैकुंठपुर में सुरक्षा व व्यवस्था संभाल रहे है। आईजी सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग ने  मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के जिला कोरिया आगमन के पूर्व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान  जिले के एसपी व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जिला कोरिया में कल 13 फरवरी दिन सोमवार को मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन का आगमन प्रस्तावित है। जिस हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारी के द्वारा हर संभव सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां की जा रही है। इसी तारतम्य में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने बैकुंठपुर जिला कोरिया पहुँचे। जिसमे उन्होंने मुख्य चौक जहां स्व0 रामचंद्र सिंहदेव की मूर्ति का अनावरण होना है, कार्यक्रम स्थल कुमार साहब के समाधि स्थल, हैलीपेड जैसे अनेक स्थानो का भ्रमण एवं निरीक्षण कर जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button