भाजपा जिलाध्यक्ष की कार्यशैली से असन्तुष्ट भाजपाई हुए लामबंद, जताया विरोध…
पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े को बताया अपना दर्द, संभागीय प्रभारी करेंगे निपटारा…
कमलेश शर्मा, द-डॉन-न्यूज़
बैकुंठपुर/ कोरिया जिले में भाजपा संगठन की नई नियुक्तियों एवं वरिष्ठ व कर्मठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किये जाने से उभरा असन्तोष सतह पर सतह पर नजर आने लगा है। भाजपा जिलाध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज़ कार्यकर्ता अब खुलकर मैदान में आ गए हैं। बुधवार को मनेन्द्रगढ़ विधानसभा अंतर्गत खड़गवां, चिरमिरी और मनेन्द्रगढ़ के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता लाव-लश्कर के साथ अपनी नाराजगी जताने के लिये पूर्व कैबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े से मिलने उनके निवास स्थान ग्राम सरडी पहुंचे। तथा जमकर भड़ास निकाली। कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष के द्वारा भाजपा संगठन में मनमानी करते हुए परिवारवाद चलाया जा रहा है। एक ही परिवार में दो दो पद दिये जा रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा की जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए भैयालाल राजवाड़े द्वारा मोबाइल द्वारा संभागीय संगठन प्रभारी नारायण चंदेल से बात कर पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी गई। जिस पर उन्होंने कोरिया आकर कार्यकर्ताओं से मिलने की बात कही। वही पूरे घटना पर भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल का कहना है कि यदि किसी को कोई समस्या है तो पार्टी फ़ोरम में बात रखनी चाहिए। जहां सभी की बात सुनी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 15 वर्षों तक सत्ता में रहने बाद विपक्ष में आते ही भाजपा संगठन में गुटबाजी व बिखराव दिखने लगा है। खासकर नए जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल को संगठन की कमान मिलते ही कार्यकर्त्ताओं में असंतोष उभर आया है। हालांकि अनुभवी जिलाध्यक्ष सबको साथ लेकर चलने का प्रयास कर रहे हैं, बावजूद इसके कार्यकर्ता उन पर मनमानी व वरिष्ठों की उपेक्षा का आरोप लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि गुटबाजी के चलते भाजयुमो के कोरिया जिलाध्यक्ष की नियुक्ति तक अटक गई है। पूर्व मंत्री व वरिष्ठों को पार्टी की बैठक तक में नही बुलाया जाता। बुधवार की दोपहर एक ओर जहां भाजपा जिला कार्यालय बैकुंठपुर में बिलासपुर से आये किसान मोर्चा प्रभारी राकेश तिवारी की उपस्थिति में किसान मोर्चा की बैठक चल रही थी, वहीं दूसरी ओर असन्तुष्ट भाजपाइयों का एक धड़ा लाव-लश्कर के साथ दर्जनों चार पहिया वाहनों से सरडी पहुंच पूर्व केबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े से मिलकर अपनी पीड़ा बता रहा था। दरअसल मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुछ पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े से मिलकर यह शिकायत करने पहुंचे थे कि उन्हें संगठन से दरकिनार कर दिया गया है। पुराने पदाधिकारी और कार्यकर्ता को सत्ता बदलाव के बाद से उन्हें से अलग कर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। पुराने पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को कांग्रेसी बताकर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। और एैसे लोगों को पार्टी में शामिल किया जा रहा है, जो पार्टी की रीति-नीति नहीं समझते हैं।
भैयालाल राजवाड़े से अपनी पीड़ा बताते हुए मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिर्फ एक वर्ग के लोगों को ही बड़े पद दिए जा रहे है। पार्टी के वरिष्ठ लोगों को हाशिये पर धकेल दिया गया है, जिससे पुराने कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। मौक़े पर उपस्थित महिला नेत्री गौरी हथगेन, उषा वैष्णव व अलका गांधी सहित भाजपा महिला मोर्चा की अन्य महिलाओं ने भी अपनी उपेक्षा को लेकर जमकर भड़ास निकाली। असंतुष्ट भाजपाइयों ने बताया कि वे पूर्व मंत्री श्री राजवाड़े को भाजपा का मुखिया मानते हैं और इसलिए उनके पास अपनी परेशानी बताने आए हैं। इस राजनीति घटनाक्रम से यह तो साबित हो गया कि भाजपा दो गुटों में बंटी हुई है। पार्टी में फूट साफ तौर पर नजर आने लगी है। जिसका असर आगामी दो माह में बैकुंठपुर व शिवपुर-चरचा में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि मनेंद्रगढ़ विधानसभा के बाद भरतपुर-सोनहत व बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के असन्तुष्ट कार्यकर्ताओं का गुस्सा भी संगठन प्रमुख के खिलाफ कभी भी फूट सकता है। पूर्व केबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े से मिलने सरडी पहुंचे असंतुष्टों में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री रामेश्वर जी पांडेय, मुकेश जायसवाल, पूर्व एल्डरमैन श्याम बाबू खटिक, शिव सोनकर, उपेंद्र सिंह मनेंद्रगढ़ से पूर्व महामंत्री आशीष सिंह, सरजू यादव , हरित शर्मा, संजय पोद्दार, जयंती लाल यादव, जमील शाह सहित बड़ी संख्या में अन्य पदाधिकारी व भाजपाकार्यकर्ता शामिल रहे।
संभागीय प्रभारी नारायण चंदेल आएंगे निपटारा कराने: भैयालाल राजवाड़े…
इस सम्बंध में पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने बताया कि मुझसे मिलने आये लोगों की पीड़ा से मैंने संभागीय प्रभारी को अवगत करा दिया है। भाजपा के लोग मुझे अपना मुखिया मानते हैं, इसलिए मेरे पास आए है और मैंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा की है। हमारे सरगुजा संभाग के प्रभारी नारायण चंदेल 21 मार्च को कोरिया जिला पहुंच रहे हैं। जहाँ बैठक कर समस्या का समाधान हो जाएगा तो ठीक, नहीं तो आगे वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिलकर अपनी समस्या उनके सामने रखी जायेगी।
यदि कोई शिकायत है तो पार्टी फोरम में बात रखें: कृष्णबिहारी जायसवाल जिलाध्यक्ष…
वहीं इस बारे में भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल का कहना है कि भाजपा रीति-नीति व अनुशासन वाली पार्टी है। जहां सभी का मान-सम्मान होता है। यदि कोई शिकायत है तो उसे पार्टी फोरम में रखनी चाहिए। पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े मुझे भी सरडी बुला लेते या असंतुष्ट पदाधिकारी-कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय में ही आ जाते। यहां भी बातचीत से उनकी समस्या का समाधान हो जाता।
Kamlesh Sharma is a well-known Journalist, Editor @http://thedonnews.com/ Cont.No.- 8871123800, Email – Ks68709@gmail.com