ग्राम सलबा में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ होने से ग्रामवासियों में भारी उत्साह, मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति जताया आभार…
जिले में अब तक में 1161 किसानों ने बेचा 49598.8 क्विंटल धान…
कमलेश शर्मा-कोरिया
बैकुण्ठपुर/ जिले के विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के ग्राम पंचायत सलबा में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ होने से ग्रामवासियों में भारी उत्साह दिख रहा है। अपनी खुशी का इजहार करते हुए किसान बच्चालाल, बिजेन्द्र कुमार दुबे, ब्रजलाल, दिनेश दुबे एवं लक्ष्मण साहू सहित सभी ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत सलबा में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया है।
आदिम जाति सेवा सहकाारी मर्यादित समिति सलबा में समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचने आये ग्रामवासियों ने बताया कि गांव में ही खरीदी केन्द्र खुलने से धान को बिक्री के लिये केन्द्र तक लाने में ज्यादा सुविधा मिली है। इसके पहले उन्हें आदिम जाति सेवा सहकाारी मर्यादित समिति छिन्दडांड अपना धान लाना पड़ता था, जो कि उनके ग्राम से लगभग 15 किलोमीटर दूर है। यहां धान लाने के लिए वाहन की व्यवस्था करनी पड़ती थी। साथ ही दिन भर का समय और अतिरिक्त धन खर्च करना पड़ता था। इसके अतिरिक्त धान उपार्जन केन्द्र में ज्यादा संख्या में किसान एक साथ धान बेचने पहुंचते थे। जिससे भीड़-भाड़ हो जाती थी और धान का विक्रय करने में भी समस्या होती थी। अब इस समस्या का हल हुआ है तथा किसान आसानी से अपना धान बेच पा रहे हैं। शासन ने उनकी समस्याओं को समझा और नवीन खरीदी केंद्र की सौगात दी, जो उन सबके लिए बहुत खुशी की बात है।
जिले में एक सप्ताह में 1161 किसानों ने बेचा 49598.8 क्विंटल धान…
जिले में अब तक कुल 1161 किसानों ने धान खरीदी केंद्रों में 49598.8 क्विंटल धान कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए विक्रय किया है। जिसका मूल्य 6 करोड़ 95 लाख 46 हजार रूपये है। किसानों ने बताया कि विगत दिनों बैकुण्ठपुर विधायक श्रीमती अंबिका सिंहदेव ने आदिम जाति सेवा सहकाारी मर्यादित समिति सलबा का शुभारंभ कर हमे इसकी जानकारी दी और किसी भी तरह की परेशानी होने पर निःसंकोच उनसे साझा करने की बात कही।
कलेक्टर श्री एसएन राठौर के मार्गदर्शन में जिले में धान उपार्जन की समुचित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा के अनुसार धान खरीदी की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण धान केंद्र में लाने की अपील की है, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या ना हो। उन्होंने किसानों को केंद्र में मास्क अनिवार्य रूप से लगाकर आने और शारीरिक दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है।
Kamlesh Sharma is a well-known Journalist, Editor @http://thedonnews.com/ Cont.No.- 8871123800, Email – Ks68709@gmail.com