आधुनिक पद्धति से मछली पालन करने से आर्थिक स्थिति में होगा सुधार:- अम्बिका सिंहदेव…
विश्व मत्स्य पालन दिवस पर संसदीय सचिव ने मछली पालकों को बाईक व आइस बॉक्स का किया वितरण…
कमलेश शर्मा-कोरिया
बैकुण्ठपुर/ मत्स्य विभाग द्वारा 22 नवम्बर विश्व मत्स्य पालन दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक मत्स्य विभाग के तत्वावधान में मछुआरों एवं मछली पालन के व्यवसाय से जुड़े पात्र हितग्राहियों को संसदीय सचिव व बैकुण्ठपुर विधायक श्रीमती अम्बिका सिहंदेव के करकमलों से मोटरसाइकिल एवं आइस बाक्स का वितरण कराया गया।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक अम्बिका सिंहदेव ने हितग्राहियों को राज्य शासन की योजनाओं के माध्यम से और बेहतर तरीक़े से मछली पालन एवं मछली के व्यवसाय करने की सलाह दी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों के साथ पूर्ण सहयोग करने का निर्देश भी दिया। जिससे इस व्यवसाय से जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो साथ ही शासन की योजनाओं का भी उन्हें पूर्ण लाभ मिल सके। जिन पात्र मछली पालकों को मोटरसाइकिल एवं आइस बाक्स मिले वे काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना का लाभ मिल जाने से जहाँ उनकी आय बढेगी साथ ही व्यवसाय करने में भी सुविधा होगी।
इस अवसर संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव ने कहा कि मछली पालन व मानव जीवन के लिए जल आवश्यक है। जल के अंदर मछ्ली पालन और बाहर मानव जीवन दोनों महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा है कि छत्तीसगढ़ में मछली पालन को खेती का दर्जा दिया जाये, सरकार इसके लिए पहल करेगी। राज्य सरकार ने इसके लिए योजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि खेती-किसानी की तरह मछली पालन के लिए कोऑपरेटिव बैंक से ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने और किसानों को दी जाने वाली बिजली दरों में छूट की भांति मछली पालन करने वाले निषाद, केंवट और ढीमर समाज के लोगों को भी छूट की पहल की जाएगी। राज्य सरकार की योजनाओं से समाज के लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आना चाहिए। मछुआरा समाज को विभिन्न योजनाओं में अनुदान सहायता दी जा रही है। मछुआरा समाज आधुनिक व वैज्ञानिक पद्धति से मछली पालन करे और उत्पादित मछली के विक्रय का अच्छा प्रबंधन करे तो मछुआरों की आर्थिक स्थिति में काफ़ी सुधार आ सकता है। इस दौरान मत्स्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व मछली पालन व्यवसाय से जुड़े हितग्राही उपस्थित थे।
Kamlesh Sharma is a well-known Journalist, Editor @http://thedonnews.com/ Cont.No.- 8871123800, Email – Ks68709@gmail.com